अरवल: वैश्विक महामारी कोरोना से बचाव के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधि भी आगे आकर मास्क एवं सैनिटाइजर के साथ-साथ लोगों को सरकार के दिशा निर्देश का पालन करने का भी अपील करते दिख रहे हैं। पंचायत जनप्रतिनिधि सोशल डिस्टेंस का पूरा ख्याल रखते हुए घर घर जाकर मास्क एवं सैनिटाइजर का वितरण कर रहे हैं।
अरवल जिले के कलेर प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार श्रीवास्तव एवं दक्षिणी कलेर पंचायत की मुखिया सरोज देवी ने सोमवार को अपने पंचायत में घर घर जाकर मास्क एवं सैनिटाइजर का वितरण किया। इस मौके पर बीडीओ ने घर-घर जाकर लोगों को कोरोना वायरस की गंभीरता को समझाते हुए कहा कि सरकार के द्वारा 21 दिन के लॉक डाउन को पूरी प्रतिबद्धता के साथ पालन करना है।
उन्होंने कहा कि विकसित देशों में आने वाला अमेरिका एवं इटली के साथ साथ स्पेन में कोरोना वायरस ने तबाही मचा दी है,परंतु भारत के प्रधानमंत्री के द्वारा समय रहते 21 दिन का लॉक डाउन कर दिया गया है। जिसमें हम लोगों की बचाव ही निहित है।
घर-घर जाकर सैनिटाइजर एवं मास्क का वितरण करते हुए दक्षिणी कलेर पंचायत की मुखिया सरोज देवी ने अपने पंचायत क्षेत्र के लोगों से सरकार के दिशा निर्देश का पालन करने की अपील की। इस मौके पर लोजपा के प्रदेश महासचिव भुनेश्वर पाठक ने भी अपने स्तर से दक्षिणी कलेर पंचायत में मास्क एवं सैनिटाइजर के साथ साथ पंचायत में ब्लीचिंग पाउडर का भी छिड़काव कराया। इन्होंने घर-घर जाकर लोगों को सैनिटाइजर से हाथ धो लगाते हुए कहा कि कोरोना वायरस से जागरूकता ही हम लोगों का सबसे बड़ा बचाव है।
उन्होंने कहा कि घर से बाहर नहीं निकले एवं सरकार के दिशा निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि हरेक 20 मिनट पर 20 सेकंड तक हाथ को अच्छे तरीके से धोएं। साथ ही घर में रहकर अपने परिवार एवं बच्चों का देखभाल करें। बताते चलें कि स्थानीय मुखिया सरोज देवी के द्वारा अपने पंचायत में 5000 सैनिटाइजर के साथ-साथ 10000 मास्क बनवा कर बांटा गया।
COMMENTS