बरसाना में भूमाफियाओं का आतंक, पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी
फर्जी रजिस्ट्रियों, जबरन कब्जे और झूठे मुकदमों के जरिए गरीबों को निशाना बनाने का आरोप, उच्चस्तरीय जांच की मांग
मथुरा जनपद के थाना बरसाना क्षेत्र अंतर्गत राधा नगरी माली मोहल्ला निवासी मूलचंद पुत्र स्वर्गीय श्री तोताराम ने भूमाफियाओं के एक संगठित गिरोह पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़ित के अनुसार पिछले लगभग 10 महीनों से अजीत जादौन पुत्र मोरपाल जादौन निवासी चिक्सौली बरसाना, राघव शर्मा पुत्र ताराचंद शर्मा निवासी श्री बृजवान मंदिर सुदामा चौक बरसाना, लोकेश पुत्र बृजमोहन निवासी ग्राम रिठौरा थाना बरसाना एवं उनके चार अन्य सहयोगी लगातार उन्हें और उनके परिवारजनों को परेशान कर रहे हैं।
पीड़ित का आरोप है कि उक्त लोग बार-बार उनकी दुकान और खेत पर आकर धमकी देते हैं तथा जबरन कब्जा करने का प्रयास करते हैं, जिसकी सीसीटीवी रिकॉर्डिंग भी उनके पास सुरक्षित है। आरोपियों द्वारा खसरा संख्या 252 की भूमि खरीदकर खसरा संख्या 253 पर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। यह गिरोह फर्जी रजिस्ट्रियों के माध्यम से धोखाधड़ी कर भूमि की अवैध खरीद-फरोख्त करता है, जबकि मौके पर न तो वास्तविक भूमि मौजूद होती है और न ही असली क्रेता-बिक्रेता।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि यह लोग कमजोर वर्ग के लोगों को मोहरा बनाकर भूमाफियागिरी और धोखाधड़ी का धंधा चला रहे हैं। जो भी व्यक्ति इनके अवैध कार्यों का विरोध करता है, उसे डराने-धमकाने के साथ झूठे मुकदमों में फंसा दिया जाता है। पीड़ित के अनुसार थाना बरसाना में शिकायत करने के बावजूद पुलिस द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिससे आरोपियों के हौसले और अधिक बुलंद हो गए हैं।
पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकियां दिए जाने का भी गंभीर आरोप लगाया गया है। इतना ही नहीं, आरोपियों द्वारा मूलचंद के खिलाफ फर्जी एफआईआर संख्या 423/25 थाना बरसाना दर्ज कराई गई है। पीड़ित का कहना है कि एफआईआर में दर्शाई गई घटना पूरी तरह काल्पनिक है। एफआईआर में कथित रूप से घायल बताए गए व्यक्ति कृष्णमुरारी उस समय सीआईएमएस हॉस्पिटल मथुरा में अपनी रीढ़ की हड्डी के इलाज के लिए भर्ती थे, जिससे घटना की सच्चाई पर गंभीर प्रश्न खड़े होते हैं।
पीड़ित ने इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराए जाने, फर्जी एफआईआर की जांच किसी अन्य अधिकारी से कराए जाने तथा स्वयं और अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है। पीड़ित का कहना है कि यदि समय रहते कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो आरोपियों द्वारा राष्ट्रीय संपत्ति के दुरुपयोग और कमजोर वर्ग के लोगों पर हो रहे अत्याचार को रोकना मुश्किल हो जाएगा।
संवाददाता बबलू सिंह चौधरी
.jpeg)
COMMENTS