करीब 2 हजार लोगों को रोजाना खिलाया जाएगा खाना
भोजन तैयार करने के लिए लगाए गए 46 रसोइए
देवघर: कोरोना वायरस के संक्रमण व फैलाव को रोकने के लिए प्रधानमंत्री द्वारा 14 अप्रैल तक पूरे भारत में लॉक डाउन की घोषणा की गई है। जिसमें राशन दुकान, मेडिकल स्टोर्स व अन्य जरूरी सेवाओं को छोड़कर सभी प्रतिष्ठानों को बंद करने का आदेश दिया गया है। लॉक डाउन की घोषणा के बाद सबसे ज्यादा समस्या मजदूर वर्ग के लोगों को हो रही है। जो रोज काम करने के बाद अपना घर परिवार चलाने का कार्य करते थे। इस विषम परिस्थिति में वैसे गरीब व असहाय लोगों को किसी तरह की समस्या ना हो इसको देखते हुए सरकार द्वारा झारखंड के सभी 24 जिलों के कुल 342 थानों में लॉक डाउन के कारण फंसे हुए, बेघर व खाना बनाने में असमर्थ लोगों को दिन में एक बार खाना उपलब्ध कराने के लिए सामुदायिक रसोई चलाने का निर्देश दिया गया है। जिसके बाद झारखंड सरकार के आदेशानुसार देवघर जिले के सभी 18 थानों में कम्युनिटी किचन तैयार किया जा रहा है। देवघर में तैयार किए गए सभी 18 कम्युनिटी किचन में 1926 लोगों के लिए रोज खाना बनाया जाएगा। इस संदर्भ में एसपी नरेंद्र कुमार सिंह से मिली जानकारी के अनुसार नगर थाना में 50, जसीडीह थाना में 125, सोनारायठाढ़ी थाना में 75, सारवां थाना में 250, मोहनपुर थाना में 176, रिखिया थाना में 25, कुंडा थाना में 45, देवीपुर थाना में 170, सारठ थाना में 150, पालाजोरी थाना में 200, चितरा थाना में 200, मधुपुर थाना में 100, पथरोल थाना में 55, बुढ़ई थाना में 55, मारगोमुण्डा थाना में 50, करौं थाना में 150 व बाबा मंदिर थाना में 50 लोगों का खाना तैयार किया जाना है। इस तरह जिले के सभी 18 थाना में कुल 1926 लोगों को रोजाना भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। उपरोक्त सभी थाना में निर्मित कम्युनिटी किचन में खाना बनाने के लिए नगर थाना में 2, जसीडीह थाना में 3, सोनारायठाढ़ी थाना में 2, सारवां थाना में 4, मोहनपुर थाना में 3, रिखिया थाना में 2, कुंडा थाना में 2, देवीपुर थाना में 3, सारठ थाना में 3, पालाजोरी थाना में 4, चितरा थाना में 4, मधुपुर थाना में 3, पथरौल थाना में 2, बुढ़ई थाना में 2, मारगोमुण्डा थाना में 2, करौं थाना में 3 व बाबा मंदिर थाना में 2 रसोइया को भोजन तैयार करने में लगाया गया है। शनिवार को जिले के सभी थानों में खाना बना कर जरूरतमंद लोगों को खिलाने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया। इसी क्रम में देवघर नगर थाना में शनिवार को करीब एक सौ लोगों को भोजन कराया गया। थाना प्रभारी विक्रम प्रताप सिंह, पीएसआई कुमार अभिषेक, एएसआई रामानुज सिंह सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी व पुलिसकर्मी अपने हाथों से लोगों को खाना परोस कर दे रहे थे। इस विषम परिस्थिति में पुलिस द्वारा किए जा रहे इस कार्य की लोगों में काफी सराहना हो रही है।
COMMENTS