चंद्रमंडीह नि0स0:- चकाई प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े ही धूमधाम से रंगों का पर्व होली मंगलवार को मनाया गया। इस दौरान कहीं सेे कोई भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिला कुल मिलाकर चकाई प्रखंड में रंगों का पर्व काफी धूमधाम से सम्पन्न हुआ। चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न पंचायतों में होली का त्योहार शांतिपूर्ण व सद्भाव के साथ मंगलवार को संपन्न हो गया। क्षेत्र में कम उम्र के बच्चे सुबह से ही होली को ले विभिन्न प्रकार के रंग घोलकर पिचकारी से एक-दूसरे को रंगों में नहाते दिखे। सभी घरों में पुआ-पकवान की खुशबू आती रही। कहीं-कहीं कीचड़ के साथ भी लोगों ने होली खेली। थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ सुबह से ही गश्ती के दौरान शांतिपूर्ण तरीके से होली मनाने की अपील करते दिखे। क्षेत्र में कई जगहों पर होली मिलन समारोह का भी आयोजन किया गया। कुछ लोग अपने घरों तक ही सिमटे दिखे। मौके पर उपप्रमुख प्रतिनिधि अमित तिवारी उर्फ गूलटू, नवीन शुक्ला, प्रताप उपाध्याय, मुकेश उपाध्याय, राजेंद्र पासवान, सुरो राय, चंदन कुमार, नकुल पासवान, मनोज पासवान, पवन मिश्रा, राजीव रंजन उपाध्याय, राजीव उपाध्याय, शेखर सिंह, अनुज कुमार आदि ने लोगों को होली की शुभकामनाएं दी। मौके पर माधोपुर में युवाओं द्वारा मटका फोड़ कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया।
इधर चकाई थाना क्षेत्र में भी रंगों का पर्व होली हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। इसे लेकर मंगलवार को चारों तरफ लोग रंगों में डूबे नजर आए। पूरा क्षेत्र जोगीरा के शोर के साथ बजाए जा रहे होली गीतों से गुंजायमान रहा। लोगों ने उत्साह के साथ होली खेली तथा एक-दूसरे को रंग व अबीर लगाते हुए होली की बधाई दी। युवाओं की टोली सड़कों पर जहां सुबह में धूल मिट्टी से होली खेली तो दोपहर में रंग से होली खेली। परंपरा के अनुसार कई लोग अपने से बड़ों के चरण पर अबीर व गुलाल रखकर आशीष लेते दिखे। वहीं, बड़े भी छोटे के सिर पर अबीर से तिलक लगाकर आशीष देते दिखे। इस अवसर पर कई जगहों पर होली मिलन समारोह का भी आयोजन किया गया। अधिकारियों ने शांति और सौहार्द के वातावरण में होली सम्पन्न करने को लेकर आमलोगों को बधाई दी है। प्रखंड में हिन्दुओं का महत्वपूर्ण पर्व होली शांतिपूर्ण व उल्लास के बीच संपन्न हुआ। प्रशासनिक निर्देश के बाद कहीं भी जबरन होली नहीं खेली गई। होली अपने वास्तविक रूप रंग व गुलाल के बीच खेली गई। छोटे ने बड़ों की चरण पर गुलाल डालकर आशीर्वाद लिया व समकक्षों ने गले मिलकर एक दूसरे को होली की शुभकामनाएं दी। बड़े बुजुर्गो ने कहा कि दारू शराब ही होली के रूप को बिगाड़ कर रख दिया था। गांव में लोग ढोलक की थाप पर फाग गाते दिखे। वहीं चकाई थानाध्यक्ष राजीव कुमार तिवारी के नेतृत्व में पुलिस अधिकारी व मजिस्ट्रेट क्षेत्र में गश्त लगाते रहे। इस दौरान प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में छिटपुट घटनाओं को छोड़कर रंगों का त्योहार होली शांतिपूर्ण सम्पन्न हो गया।
COMMENTS