मथुरा/सौंख। रात करीब 2 बजे लोरिया गांव स्थित सौंख बिजली घर में 250 केवी का ट्रांसफार्मर चोरी करने का प्रयास उस समय हादसे में बदल गया, जब ट्रांसफार्मर को जमीन पर पटकने के दौरान एक व्यक्ति बिजली की चपेट में आ गया। करंट लगने से उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि देर रात कुछ लोग बिजली घर पर ट्रांसफार्मर चोरी करने पहुंचे थे। चोरी के प्रयास के दौरान ट्रांसफार्मर को जमीन पर पटक लिया गया। इसी दौरान एक व्यक्ति करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ट्रांसफार्मर चोरी का बड़ा प्रयास
घटना ने बिजली विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। 250 केवी के ट्रांसफार्मर को चोरी करने के प्रयास से विभाग को भी नुकसान हुआ है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना में कितने लोग शामिल थे और मृतक की पहचान क्या है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में चर्चाओं का दौर जारी है।
रिपोर्ट : बबलू सिंह चौधरी

COMMENTS