वृंदावन RTO कार्यालय में अवैध वसूली का आरोप: आरआई नरेश चौधरी व बाबू तेजवीर यादव की मिलीभगत से दलाली का खेल?
मथुरा/वृंदावन।धार्मिक नगरी वृंदावन स्थित आरटीओ (आरआई) कार्यालय में अवैध धन वसूली और दलाली के गंभीर आरोप सामने आए हैं।
सूत्रों के अनुसार, कार्यालय में जन्मतिथि (Date of Birth) सुधार, नाम संशोधन एवं अन्य संबंधित कार्यों के नाम पर प्रति व्यक्ति ₹1000 की अवैध मांग की जा रही है। बिना कथित “अतिरिक्त भुगतान” के फाइल आगे नहीं बढ़ने की शिकायतें मिल रही हैं।
आरआई व कर्मचारी की भूमिका पर उठे सवाल
सूत्रों का आरोप है कि कार्यालय में तैनात आरआई नरेश चौधरी और कर्मचारी तेजवीर यादव की कथित मिलीभगत से यह पूरा खेल संचालित हो रहा है। आरोप है कि कार्यालय परिसर में ही बाहरी व्यक्तियों के माध्यम से धन वसूली कराई जा रही है।
बताया जा रहा है कि तेजवीर यादव के परिजनों — बबलू यादव तथा एक अन्य व्यक्ति अंकित पटेल — को कार्यालय परिसर में बैठाकर आम नागरिकों से धन लिया जा रहा है। इन व्यक्तियों की सरकारी अथवा संविदा नियुक्ति को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं है। ऐसे में सरकारी कार्यालय परिसर में बाहरी लोगों की सक्रियता प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर रही है।
जिलाधिकारी से की गई शिकायत
सूत्रों के अनुसार, पूरे मामले की लिखित शिकायत जिलाधिकारी मथुरा से की गई है, जिसमें उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग उठाई गई है। शिकायत में कहा गया है कि यदि आरोप सत्य पाए जाते हैं, तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
आमजन में आक्रोश
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस प्रकार की गतिविधियाँ न केवल शासन-प्रशासन की छवि धूमिल करती हैं, बल्कि गरीब और सामान्य नागरिकों के आर्थिक शोषण का माध्यम भी बनती हैं। भय और विवशता के कारण लोग अवैध भुगतान करने को मजबूर हैं, जिससे प्रशासन के प्रति विश्वास कमजोर होता जा रहा है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर प्रकरण को कितनी गंभीरता से लेता है और आम जनता को कथित भ्रष्टाचार से राहत दिलाने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।
रिपोर्टर : बबलू सिंह चौधरी

COMMENTS