पटना: लॉकडाउन के दौरान राशन कार्डधारियों को अनाज से वंचित करने वाली जन वितरण प्रणाली के दुकानदारों के खिलाफ सरकार ने सख्ती बढ़ा दी है। ऐसे दुकानदारों पर मुकदमा कर उन्हें जेल भेजा जाएगा। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने सभी जिलों के डीएम को इस बाबत कार्यवाही का आदेश दिया है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने बताया कि गड़बड़ी कर रहे पीडीएस दुकानदारों के खिलाफ केस दर्ज किया जाने लगा है। खाद्य सचिव ने बताया कि मोतिहारी में 17, मुजफ्फरपुर में 13, दरभंगा में 6 और नालंदा में 3 दुकानों समेत विभिन्न जिलों में 50 से अधिक ऐसी दुकानों को सील कर दिया गया है। दुकानों का सेल करने के बाद वहां के राशन कार्डधारियों को नजदीकी जन वितरण प्रणाली की दुकान के साथ टैग कर दिया जा रहा है।

COMMENTS