सिमडेगा-माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे सरकार आपके द्वार की अगली कड़ी में जनता मिलन का आयोजन जलडेगा प्रखंड के प्रखंड कार्यालय के परिसर में सम्पन्न हुआ। उप विकास आयुक्त श्री दिनेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस जनता मिलन कार्यक्रम में ग्रामीणों ने अपनी शिकायतों, समस्याओं तथा आमजनों के हित में चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं के निष्पादन से संबंधित मामलों की जानकारी उपस्थित सभी विभागीय वरीय पदाधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कर उनका समाधान करवाया।
जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में समस्याओं को सुना गया एवं उसके निदान हेतु कार्रवाई की गई
इस जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान जलडेगा प्रखंड प्रमुख श्रीमती बालमुनि लुगुन तथा प्रखंड की उप प्रमुख श्रीमती एस टोपनो व कई पंचायतों के मुखियागण भी उपस्थित थे। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत सेक् डाटा के अनुरूप ही घरों का आवंटन किया जाएगा। इसके विपरीत जाकर अगर कोई कार्य करता है तो उसकी सूचना तुरंत जिला प्रशासन तक पहुंचाएं, इस पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि लोगों की समस्याओं का निष्पादन करना हमारा कर्तव्य है। साथ ही उन्होंने विभागीय पदाधिकारियों को कहा कि जमीन संबंधी मामले में प्राप्त शिकायतों व अन्य मामलों का जल्द से जल्द निपटारा किया जाय। उन्होंने कहा कि गर्मी का मौसम शुरू होने वाला है। ग्रामीणों को पेयजल की समस्या ना हो, इसलिए अभी ही सभी खराब पड़े जल निकायों की मरम्मति करा लेनी चाहिए।
स्थापित विभागीय स्टालों में ग्रामीणों ने अपनी-अपनी समस्याओं का समाधान करवाया
आयोजित सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत जलडेगा प्रखंड परिसर में में राजस्व विभाग, श्रम नियोजन, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, कृषि एवं सहकारिता विभाग, स्वच्छ भारत मिशन, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना(ग्रामीण), सामाजिक सुरक्षा, पेयजल विभाग सहित कई अन्य विभागों के स्टाल स्थापित किए गए थे। कार्यक्रम प्रारंभ होने के पूर्व ही ग्रामीणों की भीड़ इन स्टॉलों में इकट्ठा होना शुरू हो गई थी और कार्यक्रम समाप्ति तक विभिन्न स्टालों में उपस्थित पदाधिकारियों व कर्मियों से ग्रामीण अपने समस्याओं का समाधान करवा रहे थे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों से कुल 250 शिकायत पत्र प्राप्त हुए। प्राप्त शिकायतों में से कुल 160 आवेदनों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल निष्पादित कर दिया गया।
लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का हुआ वितरण
इस कार्यक्रम के दौरान सामाजिक कल्याण द्वारा एक ट्राईसाईकिल का वितरण दिव्यांग लाभुक के बीच तथा 5 गैस चूल्हा उज्जवला योजना के माध्यम से प्रखंड की महिलाओं को प्रदान किया। वहीं ग्रामीण विकास, शिक्षा विभाग, जेएसएलपीएस, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग आदि के द्वारा लाभुकों के बीच कई सारी परिसंपत्तियों का वितरण किया गया।
इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए शिविर में 300 ग्रामीणों का प्राथमिक जांच के उपरांत इलाज किया गया। स्टाल में डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, बुखार सहित पेट दर्द जैसे कई बीमारियों की शिकायत लिए आए हुए लोगों को तत्काल डॉक्टरों के द्वारा जांच कर दवाई दे दी गई। साथ ही कई असाध्य रोगों जैसे- एड्स, कैंसर को लेकर भी जानकारी व जागरूकता लोगों के बीच फैलाई गई।
इस कार्यक्रम के दौरान जेएसएलपीएस की ओर से उपस्थित महिलाओं ने जैविक खेती कैसे होती है, इसको लेकर प्रदर्शनी लगायी। लेमन ग्रास खेती साथ ही साथ मछली पालन व गोभी-टमाटर जैसी सब्जियों की खेती बड़े स्तर पर कैसे की जाए। इसको लेकर भी जानकारी दी। साथ ही इस स्टॉल के माध्यम से समूह से जोड़कर कैसे गांव या प्रखंड स्तर पर समूह की दीदी स्वरोजगार से जुड़ सकती हैं उसकी भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान जिला खेल पदाधिकारी, ज़िला समाज कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी जलडेगा, ज़िला नियोजन पदाधिकारी,जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला श्रम अधीक्षक, परियोजना पदाधिकारी,सहित जिला एवं प्रखंड स्तर के कई अन्य पदाधिकारीगण, कार्यपालक अभियंता, कर्मी व मीडिया के बंधुगण उपस्थित थे।

COMMENTS